
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ को अपंजीकृत क्लिनिक संचालक से फोन पर रिश्वत मांगने के मामले में शासन ने निलंबित कर दिया है। चिकित्सा विभाग की प्रमुख सचिव वी हेकाली झिमोमी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पर निलंबन की कार्रवाई का पत्र जारी कर दिया है। निलंबित अधिकारी के मामले में अपन निदेशक मेरठ मंडल को जांच सौंपी गई है।
22 अक्टूबर को ही किया गया था निलंबित
प्रमुख सचिव ने जारी पत्र में कहा है कि बिसरख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात रहे प्रभारी डाॅ. सचिंद्र कुमार मिश्रा ने बिसरख स्थित पंजीकृत क्लीनिक के संचालक पवन चौधरी को फोन कर पैसे की मांग की उन्हें आरोप में तहत उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली का पालन न करने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर अपर निदेशक मेरठ मंडल के कार्यालय से अटैच किया गया है। निलंबन की यह कार्रवाई 22 अक्टूबर 2026 को की गई, जिसका डिजिटल लेटर स्वास्थ्य विभाग गौतमबुद्ध नगर को मंगलवार को प्राप्त हुआ।
इस मामले में अपने निदेशक मेरठ मंडल डाॅ. मनोज सेन का कहना है कि गौतमबुद्ध नगर के स्वास्थ्य विभाग में तैनात लेवल-3 के चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सचिंद्र कुमार मिश्रा को शासन से निलंबित करने के कार्रवाई हुई है।
मामले की जांच के लिए कार्यालय में पत्र प्राप्त हुआ है, जल्द ही शासन के अधिकारियों के निर्देश पर टीम का गठन किया जाएगा। वहीं, सीएमओ डाॅ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी का कहना है कि शासन से पत्र मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अभी कार्यालय में पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।
