सम्मान, विदाई और दीपावली की खुशियां,नोएडा मीडिया क्लब में दिखा सौहार्द

News Desk
3 Min Read

संयुक्त पुलिस आयुक्त के कार्यकाल की सराहना, पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय को बताया अहम

दीपावली मिलन समारोह में पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों ने साझा कीं खुशियां

नोएडा। नोएडा मीडिया क्लब में मंगलवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा के सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह, डीसीपी साद मियां खान के विदाई समारोह और दीपावली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों ने शिरकत की। इस दौरान राजीव नारायण मिश्रा को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया, वहीं साद मियां खान को आगरा स्थानांतरण पर विदाई दी गई।

कार्यक्रम के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस व मीडिया के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया गया। उपस्थित पत्रकारों ने उनके साथ कार्यकाल के दौरान बने सकारात्मक संबंधों और सहयोग की भावना को याद किया तथा उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

वहीं, नोएडा और ग्रेटर नोएडा जोन में अपनी सेवाएं दे चुके तथा वर्तमान में आगरा स्थानांतरित डीसीपी साद मियां खान को भी शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। पत्रकारों और पुलिस अधिकारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा, एसीपी प्रवीण कुमार सिंह, थाना सेक्टर-20 के प्रभारी अरविंद कुमार सिंह और थाना सेक्टर-39 के प्रभारी डीपी शुक्ला को भी स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नोएडा मीडिया क्लब के सदस्य और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे।

इस अवसर पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में सभी पत्रकार साथियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम ने सम्मान, आत्मीयता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। राजीव नारायण मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया और पुलिस की भूमिकाएं महत्वपूर्ण हैं। दोनों के बीच संवाद, पारदर्शिता और बेहतर तालमेल से जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने तथा आमजन तक सही जानकारी पहुंचाने में मदद मिलती है।

नोएडा मीडिया क्लब की ओर से आयोजित यह समारोह सम्मान और विदाई के साथ-साथ पुलिस एवं मीडिया के बीच मधुर संबंधों को मजबूत करने और दीपावली की खुशियां साझा करने का अवसर बना।

Share This Article
Leave a Comment