मासूम हत्याकांड में बड़ा एक्शन: पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी बलराज ढेर

News Desk
3 Min Read

नई दिल्ली/नोएडा: नोएडा सेंट्रल के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में शनिवार को एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. पुलिस हिरासत से भागने और हमला करने की कोशिश में मुख्य आरोपी बलराज उर्फ बल्ला पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है. यह मुठभेड़ उस समय हुई जब पुलिस टीम आरोपी को हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कराने ले जा रही थी.

मासूम बच्ची की हत्या के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए आरोपी को गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने वारदात में इस्तेमाल चाकू टिल्लू पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में छिपाया है. पुलिस टीम आरोपी को निशानदेही पर चाकू बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर पहुंची थी. इस दौरान आरोपी ने अचानक पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक हेड कांस्टेबल जख्मी हो गए.

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल आरोपी घायल हो गया. घायल मुख्य आरक्षी और आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौके से पुलिस ने एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, 3 खोखा कारतूस और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.

डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने आगे बताया कि पुलिस द्वारा दो घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिसमें एक पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल हैं, जिनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर है. वहीं, दूसरे घायल आरोपी बलराज को गंभीर हालत में लाया गया था, जिसे परीक्षण और उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया गया. अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.

इससे पहले डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया था कि बच्ची की तलाश में पांच टीमों का गठन किया गया था. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीक एवं स्थानीय स्रोतों की मदद से बच्ची की तलाश शुरू की थी. जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसके बाद बच्ची का शव बरामद कर लिया गया था.

बता दें कि मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की वारदात के बाद पूरे इलाके में आक्रोश था. पुलिस की त्वरित कार्रवाई और एनकाउंटर के बाद अब मामले से जुड़े सभी कानूनी पहलुओं और आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है.

Share This Article
Leave a Comment