
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर भूमाफिया की गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं, जिसके तहत लगातार अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किया जा रहा है।
इस पर कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण ने सीईओ के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया। मंगलवार को वर्क सर्किल सात ने भारी पुलिस बल के साथ इलाबास गांव में खसरा संख्या 373, 374, 376, 375, 385, 384, 387, 388, 389, 390, 391, 410 और 412 पर अवैध रूप से बनाए गए कार्यालयों को ध्वस्त कर अतिक्रमण को हटाया।
स्थानीय लोगों के विरोध की बीच चला बुलडोजर
इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल के समक्ष उनकी एक न चली। प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि और अधिसूचित संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भविष्य में भी ऐसे मामलों में नोएडा प्राधिकरण द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण न करें, क्योंकि यह अतिक्रमण की श्रेणी में आता है।
नागरिकों से किया ये अनुरोध
साथ ही, नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे नोएडा के सुनियोजित विकास में सहयोग प्रदान करें। इस प्रकार की कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि नोएडा प्राधिकरण अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त है और भविष्य में भी इस दिशा में कठोर कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वर्क सर्किल सात के वरिष्ठ प्रबंधक डोरी लाल वर्मा ने बताया कि अतिक्रमण के कारण सार्वजनिक भूमि के उपयोग और नियोजित विकास में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 40 एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
