गाजियाबाद में बेखौफ बदमाश, कुत्ते को घुमाने निकले युवक से iPhone 16 Pro लूटा

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। गाजियाबाद के राजनगर में बाइक सवार दो बदमाश युवक का आईफोन लूटकर फरार हो गए। घटना 31 अगस्त की बताई गई है।

पीड़ित की शिकायत पर कविनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना उस समय हुई जब युवक अपने कुत्ते को घुमाने के बाद घर लौट रहा था।

स्प्लेंडर बाइक पर सवार थे बदमाश

राजनगर निवासी ऋषभ अरोड़ा के मुताबिक, 31 अगस्त को सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह अपने कुत्ते के साथ सेक्टर-9 की ओर टहलने गए थे। वहां से वापस घर लौटते समय सेक्टर-9 चौराहे के पास बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। दोनों स्प्लेंडर बाइक पर सवार थे। बाइक सवारों ने मौका पाकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और तेजी से फरार हो गए।

पुलिस से शिकायत की

पीड़ित ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कुत्ता साथ होने के कारण वह उन्हें पकड़ नहीं सका। पीड़ित के मुताबिक, बदमाश जिस फोन को ले गए वह आईफोन-16 प्रो था। उसमें दो ई-सिम लगी थीं। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

शिकायत के आधार पर कविनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के रास्तों और चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

इससे कुछ ही दिन पहले आरडीसी में सैर कर रही बुजुर्ग महिला से बदमाश चेन छीनकर फरार हो गया था। वहीं राजनगर एक्सटेंशन में भी महिला से चेन लूट की घटना हुई थी।

Share This Article
Leave a Comment