मालवीय नगर में पूर्वोत्तर की छात्राओं से अभद्रता, नस्ली टिप्पणी का आरोप

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक रिहायशी विवाद ने तूल पकड़ लिया, जब एक ही इमारत में रहने वाले पड़ोसियों के बीच कहासुनी गंभीर आरोप-प्रत्यारोप में बदल गई। चौथी मंजिल पर रहने वाली पूर्वोत्तर की तीन छात्राओं ने तीसरी मंजिल पर रहने वाले दंपति पर अपमानजनक भाषा, नस्लीय टिप्पणी और धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई है।

पीड़ित छात्राएं राजधानी के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में पढ़ाई कर रही हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही हैं। उनका कहना है कि 20 फरवरी को वे अपने फ्लैट में एयर कंडीशनर लगवा रही थीं। इंस्टॉलेशन के दौरान उठी धूल नीचे वाले फ्लैट की बालकनी में चली गई, जिस पर पड़ोसी ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई।

छात्राओं का आरोप है कि विवाद के दौरान उन्हें उनके क्षेत्रीय पृष्ठभूमि को लेकर अपमानित किया गया और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। एक छात्रा, जो अरुणाचल प्रदेश से है, ने दावा किया कि उन्हें उनके पूर्वोत्तर से होने के आधार पर अपमानजनक संबोधन किए गए।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि नस्लीय टिप्पणी या धमकी देने के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment