कलानौर में मोबाइल दुकानदार को सरेआम मारी गोली, हालत गंभीर

Amit
2 Min Read

रोहतक – कलानौर कस्बे में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब बाइक पर आए तीन युवकों ने एक मोबाइल दुकानदार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-15 निवासी मुकेश की बस स्टैंड के सामने मोबाइल फोन की दुकान है। रविवार रात वह अपने दो दोस्तों के साथ जलघर वाली गली की ओर जा रहा था। इसी दौरान प्लेटिना बाइक पर पहुंचे तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। कुछ देर कहासुनी होने के बाद आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

गोली लगने के बाद मुकेश किसी तरह मौके से भागकर मुख्य सड़क तक पहुंचा और पास की दुकान संचालक को घटना की जानकारी दी। घायल अवस्था में उसे तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सीआईए टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हमलावरों का संबंध चरखी-दादरी के बौंद कलां गांव से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Share This Article
Leave a Comment