सगाई के बाद मंगेतर निकला ठग, करोड़ों की ठगी कर फरार, गिरफ्तार

Amit
3 Min Read

नई दिल्ली – दिल्ली के करोल बाग इलाके में एक युवती से करोड़ों के गहनों की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी की तैयारियों के बीच युवती को अपने मंगेतर की नीयत पर शक हुआ और जब सच्चाई सामने आई, तो हर कोई हैरान रह गया। आरोपी युवक, जो पेशे से ज्वेलरी डिजाइनर है, ने भरोसे का गलत फायदा उठाकर करीब एक करोड़ रुपये से अधिक के जेवरात चुरा लिए और एक किलो असली सोने की ईंट को नकली से बदल दिया।

भरोसे में लगाई सेंध

पीड़िता, जो अपने भाई के साथ रहती है, पिछले दो साल से नीतिश वर्मा नाम के युवक के संपर्क में थी। दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं और फरवरी 2024 में दोनों की सगाई भी हो गई। नीतिश अक्सर पीड़िता के घर आता-जाता था और इसी दौरान उसने घर में रखे गहनों और सोने पर नजरें गड़ा दीं।

पीड़िता के पिता ने वर्ष 2003 में उसकी शादी के लिए एक किलो सोने की ईंट और अन्य बहुमूल्य जेवर तैयार करवा रखे थे। नीतिश ने शादी के लिए नए गहने बनवाने का बहाना बनाकर वह ईंट ली, लेकिन कुछ दिनों बाद वह नकली ईंट लेकर लौटा। युवती को शक हुआ, तो उसने चोरी-छिपे लगाए गए निशान से ईंट की असलियत परख ली।

गुनाह कबूल, फिर फरार

जब पीड़िता ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया और पैसे वापस लौटाने की बात कहने लगा। लेकिन मौका पाकर वह फरार हो गया। मामले की रिपोर्ट दर्ज होते ही लोकल पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल ने मिलकर जांच शुरू की और आरोपी को गाजियाबाद के कौशांबी इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

ठगी से खरीदी प्रॉपर्टी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सोने की ईंट को टुकड़ों में काटकर कई ज्वेलर्स को बेचा और उससे मिले पैसों से 42 लाख का प्लॉट देहरादून में खरीदा। इसके अलावा 80 लाख रुपये अपने माता-पिता को सौंपे, जिनकी मदद से दिल्ली, देहरादून, मसूरी और हरिद्वार में संपत्ति खरीदी गई।

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और बाकी चोरी किए गए गहनों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

Share This Article
Leave a Comment