CBSE ने घोषित की सप्लीमेंट्री परीक्षा की तारीख, 15 जुलाई को होगा एग्जाम

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मंगलवार 13 मई को कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में कुल 85.20 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं। हालांकि, पिछले साल की तुलना में इस बार रिजल्ट में गिरावट दर्ज की गई है। बीते वर्ष के मुकाबले पास प्रतिशत में 3.19 फीसदी की कमी आई है।

बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस साल 15,07,109 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 14,96,307 थी। परीक्षा में छात्राओं ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्रों से बेहतर परिणाम हासिल किए हैं। इस बार 88.86 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 82.13 फीसदी दर्ज किया गया।

रिजल्ट जारी होने के साथ ही सीबीएसई ने सप्लीमेंट्री परीक्षा की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है। जिन छात्रों की कंपार्टमेंट आई है, वे 15 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली सप्लीमेंट्री परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। बोर्ड का कहना है कि इससे छात्रों को अपना शैक्षणिक वर्ष बचाने का मौका मिलेगा।

इस वर्ष 17 लाख से अधिक छात्रों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। परीक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए बोर्ड ने ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम लागू किया। इसके तहत लगभग 98 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं की डिजिटल जांच की गई।

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली से जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है और परिणामों की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। वहीं, रिजल्ट में गिरावट को लेकर छात्र और अभिभावक अब आगे की तैयारी और सप्लीमेंट्री परीक्षा पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment