
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चाणक्यपुरी स्थित जीसस एंड मैरी कॉलेज सहित करीब 20 कॉलेजों को बम धमाके की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। ईमेल मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं और सभी संबंधित कॉलेज परिसरों को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
तलाशी में नहीं मिला कोई विस्फोटक, राहत की सांस
सभी कॉलेज परिसरों की गहन जांच के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने इसे झूठा अलर्ट करार दिया और छात्रों, अभिभावकों व स्टाफ से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
एक हफ्ते में दूसरी बार फर्जी धमकियों का सिलसिला
गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली के 100 से ज्यादा स्कूलों को भी इसी तरह की ईमेल धमकियां मिली थीं। बीते एक हफ्ते में चार अलग-अलग मौकों पर धमकी भरे ईमेल भेजे गए, लेकिन हर बार जांच में कोई भी खतरनाक सामग्री नहीं पाई गई।
