ग्रेटर नोएडा- इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने दीपिका नागर की संदिग्ध मौत के मामले में कार्रवाई करते हुए सास और चाचा ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, 17 मई की रात जलपुरा गांव में दीपिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, जिसके बाद मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया था।
परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष दीपिका से दहेज में फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की मांग कर रहा था। इस मामले में दीपिका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पहले ही पति रितिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया था। अब फरार चल रहे चाचा ससुर विनोद और सास पूनम को भी हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
इधर, कुड़ी खेड़ा गांव स्थित दीपिका के मायके में उसकी आत्मा की शांति के लिए हवन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल हुए।
मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार दीपिका के शरीर पर बाहरी और अंदरूनी चोटों के कई निशान मिले हैं, जो हिंसक मारपीट की ओर इशारा कर रहे हैं। चेहरे, हाथ, पैर, घुटने, कमर और पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म और सूजन पाई गई है। बाएं कान से खून निकलने की भी पुष्टि हुई है।
आंतरिक जांच में डॉक्टरों ने मस्तिष्क में खून का थक्का, तिल्ली फटी होने और शरीर में अंदरूनी रक्तस्राव जैसी गंभीर स्थितियां पाई हैं। रिपोर्ट में हृदय के चैंबर खाली होने और किडनी के पीले पड़ने का भी उल्लेख किया गया है, जो अत्यधिक रक्तस्राव की ओर संकेत करता है। हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। विषैले पदार्थ की संभावना को देखते हुए विसरा जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

