बिजली बहाली के प्रदर्शन में हंगामे का आरोप, 8 नामजद समेत 150 लोगों पर मुकदमा

News Desk
2 Min Read

लोनी। अंकुर विहार थाना क्षेत्र डीएलएफ बिजलीघर में दो दिन पूर्व कुछ लोगों ने बिजली आपूर्ति बहाली को लेकर प्रदर्शन करने के मामले में अवर अभियंता ने अभद्रता करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में आठ नामजद समेत 150 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि प्रदर्शन के चलते उपभोक्ताओं को छह घंटे तक विद्युत कटौती का सामना करना पड़ा।

भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती के चलते अंकुर विहार थाना क्षेत्र में रहने वाले लोगों ने 12 जुलाई को डीएलएफ बिजलीघर पर प्रदर्शन किया था।

बिजलीघर में तैनात अवर अभियंता सुनील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 11 बजे बड़ी संख्या में लोग डीएलएफ बिजलीघर पहुंचे। आरोप है कि कुछ शरारती तत्वों ने बिजली घर में तैनात कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज कर बदतमीजी और मारपीट की।

चलती मशीनों के साथ भी हुई छेड़छाड़

यही नहीं चलती मशीनों के साथ छेड़छाड़ भी की। ऐसे में वहां कार्यरत कर्मचारी की मौत हो सकती थी। लोगों ने विद्युत कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज कर चालू फीडर का बंद करवा कर रूम का ताला लगा दिया। इससे विद्युत आपूर्ति बाधित हुई और करीब छह घंटे तक करीब 26 हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए।

फीडर बंद होन के चलते बिजली घर ओवरलोड हो गया और 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की नौबत आ गई। उन्होंने बताया कि रात करीब 11 बजे के बाद भी लोगों ने बिजलीघर पहुंच कर हंगामा किया।

अवर अभियंता ने मामले में आशीष झा, ओम प्रकाश पांडे, गाेविंद शर्मा, विजय कुमार, अशोक कुमार, अमरजीत, धर्मवीर, प्रदीप समेत 150 अज्ञात के खिलाफ शिकायत दी। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment