लोनी में नालों की सफाई पर फिर सवाल, कूड़े और अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी

News Desk
2 Min Read

लोनी। अभियान चलाकर कराई गई नालों की सफाई काम नहीं आ रही है। लोनी में कुछ ऐसी ही स्थिति नगर पालिका के सामने आ रही है। अतिक्रमण के बाद फिर कूड़ा डलने और गंदगी के कारण नाले चोक हो रहे हैं।

पालिका के अधिकारियों का दावा है कि सभी नालों की सफाई कराई जा चुकी है। ऐसी जगह जहां नाले चोक मिल रहे हैं, वहां दोबारा से कर्मचारियों को लगाकर काम कराया जा रहा है।

लोनी में कई जगह लोगों ने नाले पर कब्जा कर लिया है और घरों से निकलने वाला कूड़ा व गंदगी नाले में फेंक देते हैं। इससे वर्षा के समय नाला चोक होने से समस्या होती है। क्षेत्र में 97 छोटे-बड़े नाले हैं।

नगर पालिका ने मार्च में नालों की सफाई का अभियान शुरू कराया था। 15 जून तक सभी नालों को साफ करने का लक्ष्य रखा गया था। इसकी जिम्मेदारी पालिका के सफाई विभाग को दी गई है।

दोबारा कराई गई सफाई

पालिका ने सभी नालों की सफाई कराई। इसके बाद हुई वर्षा में कई जगह जलभराव हो गया था। नगर पालिका ने इन स्थानों पर दोबारा नालों की सफाई कराई।

अधिकारियों का कहना है कि घरों से निकलने वाला कूड़ा लोग नाले में फेंक देते है। इससे साफ कराए गए नाले फिर गंदगी से अट जाते है। लक्ष्मी गार्डन नाले की सफाई एक सप्ताह पहले कराई थी, लेकिन इसके बाद मौजूदा समय नाले के कुछ हिस्से में कूड़ा जमा हो गया।

सफाई निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि जहां समस्या आ रही है, वहां नालों की दोबारा सफाई कराई जा रही है। इस वर्षा में जलभराव न हो, इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। लोगों को भी इस बात पर ध्यान देना होगा कि वह कूड़ा और गंदगी नालों में न फेंकें।

Share This Article
Leave a Comment