साहिबाबाद। गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-16 नगर निगम की टंकी से रोज पेयजल बहकर बर्बाद हो रहा है। पूर्व में इसकी शिकायत भी की जा चुकी है लेकिन टंकी की मरम्मत कराने के बजाय अधिकारी गोलमोल जवाब देकर टरका देते हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जल संरक्षण के नाम पर अनदेखी की जा रही है और लोग भी पेयजल की समस्या झेल रहे हैं।
शिकायतकर्ता संदीप गुप्ता ने बताया कि नगर निगम के अधिकारी जल संरक्षण की अपील लोगों से करते हैं लेकिन खुद पानी बचाने की कवायद से बचते हैं। सेक्टर-16 स्थित पानी की टंकी की शिकायत मई माह में जनसुनवाई पोर्टल पर की गई थी।
हर साल खर्च होते हैं लाखों
इसमें जांच अधिकारी अवर अभियंता ने एक जुलाई को समस्या निस्तारण की जानकारी दी। आख्या में बताया गया कि टंकी की मरम्मत का कार्य राज्य-केंद्र वित्त पोषित योजना के तहत धनराशि उपलब्ध कराने पर स्वीकृति के बाद कराया जाना संभव है।
ऐसे में पिछले कई महीनों से पेयजल का रिसाव लगातार टंकी से हो रहा है। इस टंकी और नलकूप के संचालन पर नगर निगम हर साल लाखों रुपये खर्च करता है।
बावजूद इसके टंकी में हुए रिसाव को रोकने की कोई ठोस कोशिश नहीं हुई। टंकी स्थित परिसर में ही बने स्टाफ क्वार्टर में निगम के कर्मचारी रहते भी हैं और जलकल विभाग इसकी निगरानी करता है।
इसके बाद भी यह हालत बनी हुई है। इस बारे में नगर निगम जलकल विभाग के महाप्रबंधक केपी आनंद ने बताया कि टंकी की मरम्मत के लिए प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है। जल्द ही इस पर काम कराया जाएगा।

