
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण नई मुआवजा दर पर किसानों से जमीन खरीदने की तैयारी में जुट गया है। सबसे पहले उन गांवों में जमीन खरीदी जाएगी, जहां कोई परियोजना प्रस्तावित है या जमीन न मिलने से काम अटका हुआ है। इसके लिए सर्वेक्षण शुरू कर दिया गया है और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
शासन के निर्देश पर प्राधिकरण ने मुआवजा दर 4,125 रुपये से बढ़ाकर 6,415 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी है। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद अब नई दर पर सहमति के आधार पर जमीन खरीद में तेजी लाई जाएगी।
वहीं, प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए पहली बार एसीईओ की अध्यक्षता में जमीन अधिग्रहण सेल गठित किया गया है, जिसमें ओएसडी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। यह सेल किसानों का सहयोग करेगी और जरूरत के मुताबिक ही जमीन ली जाएगी।
अधिसूचित गांवों में खरीद पहले से चल रही
ओएसडी गिरीश कुमार झा ने बताया कि पौवारी, इमलियाका, अटाई मुरादपुर, लुक्सर, दादूपुर, लडपुरा, खानपुर, सिरसा, वैदपुरा, जान समाना, सुनपुरा, भोला रावल, धूममानिकपुर, खेड़ी, आमका, कैलाशपुर, खोदना कलां, भनौता और खोदना खुर्द समेत अधिसूचित गांवों में खरीद पहले से चल रही है।
बता दें कि अब तक सहमति से 601.78 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है। नई दर लागू होने से खरीद में तेजी आने की उम्मीद है, क्योंकि कई किसान मुआवजा बढ़ने का इंतजार कर रहे थे। इससे इकोटेक-7, 8, 9, 12ए, 16, 19, 19ए और 21 में औद्योगिक भूखंडों के लिए जमीन उपलब्ध हो सकेगी।
