नोएडा में थार सवार युवकों की गुंडागर्दी सामने आई है। थार सवार युवकों ने आधी रात को स्कूटी से जा रही दो बहनों का पीछा किया और उनके साथ अश्लील हरकतें कीं। जब दोनों बहनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने थार आगे लगाकर स्कूटी रोक दी और उन पर पिस्तौल तान दी। आरोपियों ने पीड़िताओं को जान से मारने की धमकियां दीं। पीड़ित बहनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। नोएडा पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है।
स्कूटी से जा रही थीं दोनों बहने
नोएडा के थाना सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार के मुताबिक, पीड़िता ने गुरुवार की सुबह मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, बुधवार को आधी रात के वक्त करीब एक बजे पीड़िता अपने परिवार के साथ सेक्टर-73 से अपना मकान बदलने के बाद सेक्टर-52 जा रही थी। उसके माता-पिता सामान से भरी कार लेकर आगे चल रहे थे जबकि वह अपनी बहन के साथ स्कूटी पर पीछे आ रही थी।
काली थार से किया पीछा, विरोध पर निकाली पिस्तौल
शिकायत में कहा गया है कि इसी दौरान काले रंग की थार में सवार युवकों ने उनका पीछा किया और अश्लील हरकते करने लगे। नोएडा सेक्टर-52 के पास बदमाशों ने थार से स्कूटी को ओवरटेक किया और वाहन स्कूटी के आगे लगा दी। बदमाशों ने स्कूटी रोक कर दोनों बहनों से अभद्रता करने लगे। बहनों ने हिम्मत दिखाकर आरोपियों का विरोध किया तब बदमाशों ने पिस्तौल निकाल ली। आरोपियों ने दोनों बहनों पर पिस्तौल तान दी।
पुलिस बुलाई तो जान से मार देंगे
आरोपियों ने दोनों बहनों को शोर मचाने से मना किया। बदमाशों ने दोनों बहनों को धमकी दी कि यदि उन्होंने पुलिस को बुलाया तो उनको जान से मार दिया जाएगा। घटना के बाद पीड़िताएं किसी तरह वहां से भागीं और सुबह परिजनों के साथ थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत की जांच जारी है।
CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि थार जीप के नंबर और आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी ताकि ऐसी घटनाएं आगे ना हों। नोएडा जैसे इलाके में ऐसी घटना होने से कानून का इकबाल होने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यह घटना ऐसे वक्त में सामने आई है जब अगले ही साल यूपी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
