दराती से गला रेतकर महिला की हत्या

Rohit Kumar
3 Min Read

ऊंचाहार में अज्ञात महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने नारायनपुर और सरपतहा गांव के मध्य नहर की झाड़ियों में शव को छिपाकर आरोपी फरार हो गये। सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी होते ही एसपी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल में जुट गये। इसके साथ ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अज्ञात महिला की गला रेतकर हत्या
दरअसल, बुधवार की सुबह नारायनपुर गांव के ग्रामीण शौच के लिए नहर की ओर गए हुए थे। जहां सूखी नहर में झाड़ियों के बीच एक अज्ञात महिला का गला रेतकर शव छिपाया गया था। जिसे देख ग्रामीण अवाक रह गए और थोड़ी देर में घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।

फॉरेंसिक टीम ने लिया सैंपल
सूचना पर कोतवाल शिव शंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद सीओ अशोक कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, एएसपी विश्व जीत श्रीवास्तव फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटना से संबंधित सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से कुछ अहम साक्ष्य एकत्रित कर अपने साथ ले गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से महिला की शिनाख्त करने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी।

महिला के सिर, हाथ और चेहरे पर चोट के निशान
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त खून से सनी हुई दराती बरामद की है। मौके पर किसी व्यक्ति का हवाई चप्पल और गमछा बरामद हुआ है। महिला के सिर, हाथ व चेहरे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। मृतक महिला के दाएं हाथ पर रामकली नाम गोदा हुआ था और बाएं हाथ पर सूरज लिखा हुआ था।

जांच के लिए लगाई गई चार टीमें
पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि महिला की धारदार हथियार से गला रेत कर निर्मम हत्या की गई है। जांच के लिए चार टीमें लगाई गई है। जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment