नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रोड टैक्स व जुर्माना जमा न करने वाले नौ से अधिक वाणिज्यिक वाहन सडकों पर पकड़े जाने पर जब्त किए जाएंगे।
परविहन विभाग ने बकाएदार वाहन मालिकों को नोटिस जारी करते हुए रकम जमा करने और वाहन पकड़े जाने पर जब्त करने की कार्रवाई करने के नोटिस जारी किए हैं। इन डिफाल्टर वाहन मालिकों पर परिवहन विभाग का 85.50 करोड़ रुपये का भारी बकाया है।
निर्धारित समयसीमा में भुगतान न करने पर वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। बड़े बकायेदारों की सूची जिला प्रशासन को भी भेजी जा रही है। ऐसे वाहनों मालिकों के खिलाफ वसूली के लिए आरसी भी जारी की जाएगी। उत्तर प्रदेश सरकार की नई एकमुश्त समाधान (वन टाइम सेटलमेंट) योजना लागू होने का इंतजार बकाएदार वाहन मालिक कर रहे हैं।
एआरटीओ प्रवर्तन डा. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि बकाएदार वाहन मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। कई वाहन जब्त भी किए गए हैं। नोएडा और ग्रेटर नोएडा मिलाकर कुल 12 लाख से अधिक वाहन पंजीकृत हैं।
विभाग का लक्ष्य है कि बेहतर टैक्स अनुपालन विकसित की जाए और सड़कों पर केवल वैध, सुरक्षित तथा पर्यावरण अनुकूल वाहन ही संचालित हों। उम्र पूरी कर चुके दो लाख वाहनों का पंजीकरण भी विभाग की ओर से रद कर दिया गया है।
