जेवर (ग्रेटर नोएडा)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाले यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। अकासा एयर ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाली अपनी नान-स्टाप हवाई सेवा को बंद कर दिया है।
नोएडा एयरपोर्ट से सीधे बेंगलुरु के लिए जाने वाली अकासा एयर की हवाई सेवा की भी बुकिंग नहीं हो पा रही है।
बेंगलुरु के लिए भी उड़ानें स्थगित
सूत्रों के मुताबिक अकासा ने बेंगलुरु के लिए भी उड़ान सेवा स्थगित कर रखी है, इन उड़ानों को बंद करने के पीछे नोएडा एयरपोर्ट और नवी मुंबई एयरपोर्ट दोनों ही जगह के लिए सीधे मैट्रो या रैपिड रेल सेवा नही होने से कनेक्टिविटी अच्छी नहीं है।
जिसकी वजह से यात्रियों के लिए टैक्सी ही एकमात्र सहारा है, जिसका किराया काफी महंगा होेने की वजह से यात्रियों की संख्या में इजाफा नहीं हो पा रहा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर से कमर्शियल फ्लाइट का संचालन 15 जून से शुरू हुआ था। 16 जून से अकासा ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच लिए प्रतिदिन फ्लाइट क्यूपी 2017 यात्रियों के लिए शुरू की थी।
हालांकि नवी मुंबई का रूट बंद करने के बाद अकासा एयर ने मुंबई के लिए दो नई उड़ाने शुरू की है पहल दोपहर में दो बजकर 10 मिनट पर और दूसरी रात में नौ बजकर पांच मिनट पर मुंबई के लिए प्रतिदिन संचालित की जा रही हैं।
अकासा एयर ने बताया कि नोएडा से नवी मुंबई रूट को हमेशा के लिए बंद नहीं किया जा रहा, इसे एक अक्टूबर 2026 से फिर से शुरू करने की प्लानिंग है।
एक अक्टूबर से फिर शुरू होंगी मुंबई की फ्लाइट
आकासा एयर के प्रवक्ता का कहना है कि आकासा एयर ग्राहकों की मांग, मौसम के हिसाब से मांग में बदलाव, आपरेशन की क्षमता और विमानों के इस्तेमाल के आधार पर अपने नेटवर्क और शेड्यूल को लगातार बेहतर बनाते रहते हैं।
इस प्रक्रिया के तहत, समय-समय पर कुछ रूट और फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव किया जा सकता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाली फ्लाइट एक अक्टूबर से फिर से शुरू होंगी।

