दिल्ली पुलिस की परीक्षा में फेल हुआ तो बन बैठा नकली SI, नोएडा की सड़कों पर रौब और धौंस जमाने लगा था

News Desk
3 Min Read

नोएडा। दिल्ली पुलिस में उपनिरीक्षक न बनने पर वर्दी पहनकर सड़क किनारे दुकानदारों पर रौब झाड़ने वाले मथुरा कांतापुरी के एक जालसाज को नोएडा पुलिस ने सेक्टर-117 से गिरफ्तार किया है। बीएससी की पढ़ाई कर चुके आरोपित ने दिल्ली पुलिस में भर्ती के लिए फाॅर्म भरकर आवेदन किया था।

पुलिस ने उसके पास दिल्ली पुलिस शांति सेवा न्याय, भारतीय थल सेना , दरोगा की वर्दी, डीपी बैच, चार सफेद स्टार, नेम प्लेट, लाल रंग की बेल्ट, खाकी मौजे, डीपी लिखी कैप, सात आई कार्ड, स्मार्ट कार्ड, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन ड्राइव , ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल और आई-20 गाड़ी बरामद की है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपित को विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया है।

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि मथुरा कांतापुरी के राहुल सिंह को गिरफ्तार किया है। वह अपने छोटे भाई के साथ सेक्टर-117 में रहता है। आरोपित को सूचना के आधार पर घेरकर दबोचा है।

डैशबोर्ड पर रखता था दिल्ली पुलिस की कैप

वह दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनकर सेक्टर-117 में घूम रहा था। गाड़ी में भारत सरकार लिखवाया हुआ था जबकि रौब झाड़ने के लिए डैश बोर्ड पर दिल्ली पुलिस की कैप रखता था। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि उसने दिल्ली पुलिस में भर्ती होने के लिए फार्म भरा था, लेकिन चयन नहीं हो पाया था।

शौक पूरा करने के लिए उसने 15 दिन पहले दिल्ली से दिल्ली पुलिस की वर्दी बनवा ली, जिस पर दो-दो सफेद स्टार, नेम प्लेट लगाकर लाल बेल्ट बांधकर घूमता रहता था। सड़क किनारे खड़े दुकानदारों को दिल्ली पुलिस में तैनात बताकर उनसे खाना खाता था। कई दुकानदारों से सामान भी फ्री में ऐंठ लेता था।

लाल जूतों ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक लाल रंग के जूते नहीं पहनते हैं, लेकिन आरोपित राहुल ने वर्दी के साथ लाल रंग के जूते पहने हुए थे। इस पर पुलिस को शक हो गया। तुरंत उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

आरोपित ने गलती कबूल करने के बाद दिल्ली पुलिस दरोगा की वर्दी उतरवाई दी। फिर गाड़ी में रखे टीशर्ट और लोअर पहनाए। इतना ही नहीं, आरोपित राहुल पुलिस को गाड़ी के कागजात भी नहीं दिखा पाया। पुलिस ने उसे सीज कर दिया है।

Share This Article
Leave a Comment