नोएडा। मामूरा गांव के गली नंबर पांच में जूते की दुकान में सोमवार रात करीब पौने 11 बजे शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। शटर और वेंटिलेशन की जगह से धुआं निकलता देख लोगों ने दुकान मालिक और अग्निशमन टीम को आग लगने की सूचना दी। देखते ही देखते दुकान से लपटे निकलने लगीं और आसपास धुएं का गुबार छा गया।
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया सेक्टर 66 मामूरा में सोमवार रात करीब 11 बजे एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली। तत्काल फायर स्टेशनों से एक गाड़ी रवाना की गई। मौके पर आग सेक्टर 66 मामूरा गली नंबर पांच में एक जूते की दुकान में लगी मिली। गत्ते आदि समेत सामान से आग भड़कती चली गई। फायर सर्विस यूनिट ने होज पाइप फैलाकर पंपिंग की। करीब आधे घंटे में आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया। इसमें किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई। न ही कोई फंसा। इंटरनेट मीडिया पर आग लगने के कई वीडियो प्रसारित हुए।
