दस साल से फरार ‘ट्रेन चोर गिरोह’ का शातिर सदस्य रोहतक से धराया

Amit
2 Min Read

भोपाल जीआरपी की टीम ने दबिश देकर किया गिरफ्त, 35 हजार का इनामी, एक दर्जन स्थायी वारंट जारी

रोहतक। रेल यात्रियों के लिए सिरदर्द बने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह ‘सांसी गैंग’ के एक कुख्यात सदस्य को आखिरकार पकड़ लिया गया है। आरोपी प्रवीण सांसी, जो पिछले दस वर्षों से फरार चल रहा था, को हरियाणा के रोहतक जिले से गिरफ्तार किया गया है।

भोपाल जीआरपी की विशेष टीम ने यह कार्रवाई रेल एसपी राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देश पर की। आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹35,000 का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ 12 स्थायी वारंट पहले से लंबित थे।

सूत्रों के मुताबिक, जब जीआरपी की टीम आरोपी की लोकेशन पर पहुंची, तो वह कलानौर रेलवे स्टेशन के पास स्थित सांसी बस्ती में छिपा हुआ था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने घर के दीवान के अंदर घुसकर खुद को छिपा लिया।

टीम को स्थानीय पुलिस की मदद लेनी पड़ी क्योंकि आरोपी के परिजन, खासकर महिलाएं और बच्चे, पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने लगे। इसके बावजूद टीम ने सतर्कता और दृढ़ता से काम करते हुए आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया।

प्रवीण सांसी ‘सांसी गैंग’ का सक्रिय सदस्य है, जो दिल्ली से मुंबई तक चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह आमतौर पर रात के समय यात्रियों के कीमती सामान और नकदी चुराने के लिए जाना जाता है।

जीआरपी भोपाल के थाना प्रभारी जहीर खान की अगुवाई में बनी टीम ने हाई-प्रोफाइल वारंटियों की तलाश में अभियान चलाया था। आरोपी की गतिविधियों पर लंबे समय तक निगरानी रखने के बाद ही यह सफलता हाथ लगी।

आरोपी को अब भोपाल लाकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।

Share This Article
Leave a Comment