ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा व्यापारिक मंच यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआइटीएस) 2026 की तैयारी अब अंतिम चरण में है। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा में होने वाले इस पांच दिवसीय आयोजन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 31 जुलाई तक चलेगी।
उद्योग विभाग ने इस बार नए और नियमित निर्यातकों के लिए अलग-अलग हॉल आरक्षित किए हैं ताकि सभी को बराबर अवसर मिल सके। जिले के करीब 150 उद्यमियों को इसमें भागीदारी करने व अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का मौका मिलेगा।
इनमें ओडीओपी, महिला उद्यमी, स्टार्टअप समेत नए उद्यमियों को भी मौका दिया जा रहा है। अब तक जिले के 12 उद्यमियों ने इसके लिए आवेदन कर दिया है।
नए और नियमित निर्यातकों के लिए अलग हॉल
उद्योग विभाग के अनुसार पहली बार भाग ले रहे उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए हॉल-14 पूरी तरह नवोदित निर्यातकों के लिए तय किया गया है। यहां नौ वर्गमीटर का स्टॉल मात्र 17 हजार रुपये में उपलब्ध होगा। वहीं हॉल-15 नियमित निर्यातकों के लिए रखा गया है, जहां 12 वर्गमीटर के स्टॉल की कीमत 1.13 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
एमएसएमई पर फोकस
यूपीआइटीएस इस बार फोकस एमएसएमई और नए उद्यमियों पर है। कम लागत पर स्टॉल मिलने से जिले के छोटे निर्यातक भी अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने अपना उत्पाद रख सकें। रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर आनलाइन आवेदन की सुविधा दी गई है और 31 जुलाई के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं होगा।
ओडीओपी निर्यातकों को बड़ी राहत
ट्रेड शो में ओडीओपी श्रेणी के निर्यातकों के लिए विशेष छूट की घोषणा की गई है। उन्हें स्टॉल शुल्क में 75 प्रतिशत तक की प्रतिपूर्ति मिलेगी। विभाग का मानना है कि इससे एक जिला-एक उत्पाद योजना से जुड़े कारीगरों और निर्माताओं को वैश्विक बाजार तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
यूपीआइटीएस के जरिए जिले के निर्यातकों को दुनिया भर के खरीदारों, आयातकों और सप्लाई चेन कंपनियों से सीधे संवाद का मौका मिलेगा। पिछले वर्ष हुए करारों को देखते हुए इस बार 200 से अधिक विदेशी खरीदारों के आने की उम्मीद है। विभाग ने उद्योग संघों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक इकाइयों को इस मंच से जोड़ें।
–
-पंकज निर्वाण उपायुक्त उद्योग गौतमबुद्ध नगर

