ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध मौत, स्कॉर्पियो में मिला खून से लथपथ शव

News Desk
4 Min Read

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली अंतर्गत मिग्सन सोसायटी निवासी प्रॉपर्टी डीलर सौराज (36) की स्कॉर्पियो के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। सोसायटी से करीब 500 मीटर की दूरी पर सर्विस रोड पर स्कॉर्पियो खड़ी थी। गश्त पर निकले पुलिसकर्मी स्कॉर्पियो की जलती लाइटें देख मौके पर पहुंचे तब घटना पता चली।

सौराज कार के अंदर चालक वाली सीट पर खून से लथपथ और बगल की सीट की खिड़की के पास तमंचा पड़ा मिला। गोली सीने पर लगी है। स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने की बात कही है। हत्या और आत्महत्या समेत अन्य बिंदुओं पर जांच शुरू की है।

मार्केट से बर्गर लेने निकले थे सौराज

मूल रूप से दिल्ली के जुमरथपुर गांव निवासी प्रेमराव सूरजपुर क्षेत्र की मिग्सन ग्रीन सोसायटी में बी ब्लाक के फ्लैट नंबर बी-101 में किराये पर रहते हैं। उनके तीन बेटों में सौराज सबसे छोटा था। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। परिवार में पत्नी सविता और नौ माह की बेटी माही है।

स्वजन के मुताबिक, रविवार रात करीब 8.10 बजे सौराज जगत फार्म मार्केट से बर्गर लेने जाने की बात बोल कर स्कॉर्पियो पर घर से निकला था। रात करीब 10 बजे सविता ने सौराज के पास काल की तो रास्ते में होना बताया।

रात लगभग 11.30 बजे गश्त पर निकले पुलिसकर्मी डेल्टा-तीन स्थित ओ ब्लाक की सर्विस रोड पर सुनसान स्थान के पास खड़ी स्कॉर्पियो की आगे-पीछे की लाइटें जलती देख मौके पर पहुंचे। कार की दोनों खिड़की के शीशे खुले थे। चालक की शीट पर सौराज खून से लथपथ पड़े थे।

पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तलाशी में जेब से मिले मोबाइल फोन से पुलिस कर्मियों ने स्वजन को घटना बताई। एसीपी राजीव कुमार, प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी ने फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्रित किए।

पुलिस के मुताबिक, गोली सीने पर लगी है। कार के अंदर से ही 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ है। हत्या है या आत्महत्या अभी स्पष्ट नहीं है। वहीं ससुर राममेहर बघेल समेत अन्य स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है।

छोटे बेटों के साथ रहते हैं पिता प्रेमराम

पिता प्रेमराम के साथ सौराज, बहू सविता और पौत्री के अलावा दूसरे नंबर का बेटा सौरभ व उसका परिवार रहता है। बड़ा बेटा गौरव भी दूसरे टावर में अपने परिवार के साथ किराये के फ्लैट में रहता है। प्रेमराम भी प्रॉपर्टी डीलिंग का ही काम करते हैं।

एक साल पहले ली स्कॉर्पियो

सौराज की शादी करीब सात साल पहले सविता से हुई थी। एक साल पहले ही उसने फाइनेंस पर स्कॉर्पियो ली थी। फिलहाल स्वजन किसी से रंजिश, रुपयों के लेनदेन या उधारी की बात से इनकार कर रहे हैं। पुलिस को दी तहरीर में भी सिर्फ गोली लगने व पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। गोली मारने या लगने के संबंध में कोई बात नहीं लिखी है।

स्कॉर्पियो कार के अंदर युवक की गोली लगने से मौत होने का मामला संज्ञान में है। हत्या की गई है या आत्महत्या है, अभी स्पष्ट नहीं है। टीमें आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। हर बिंदु की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगा।

–

– शैलेंद्र सिंह, डीसीपी, सैंट्रल नोएडा

Share This Article
Leave a Comment