मसूरी (गाजियाबाद)- गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। सिकरोड़ा गांव में घर के बाहर खेल रहे चार साल के मासूम की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना बुधवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बच्चा अपने घर के सामने खेल रहा था, तभी मोहल्ले का ही एक व्यक्ति कार लेकर वहां से गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि वाहन की रफ्तार तेज थी और चालक ने सावधानी नहीं बरती, जिससे मासूम को जोरदार टक्कर लग गई। टक्कर के बाद बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन तुरंत उसे पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे डासना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मासूम की पहचान सिकरोड़ा निवासी मुरशद (4) के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
