
बाहरी दिल्ली। बेगमपुर थाना अंतर्गत राजीव नगर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत में बिल्डिंग मेटेरियल ले जाने में इस्तेमाल लिफ्ट के गिरने से एक महिला की मौत हो गई।
मृतका की पहचान 46 साल की मंजू के तौर पर की गई। पुलिस ने बताया कि हादसे के वक्त महिला दूध लाने के लिए घर से निकली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन कर रही है। इस बाबत लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह 9.20 बजे बेगमपुर थाना पुलिस को इस हादसे की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी मंजू को नजदीकी अस्पताल में लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि मंजू अपने परिवार के साथ जैन नगर में रहती थी।
उसके परिवार में पति ओमकार और दो बेटियां और एक बेटा हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। मंजू के पति ओमकार ने बताया कि रविवार को वह दूध लेने जा रही थी। इसी दौरान वह निर्माणाधीन मकान के समीप से गुजरी, तभी अचानक लिफ्ट उसके सिर पर गिर गया। जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गई। इसके बाद हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई।
स्वजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया
मंजू के भाई जीतू का कहना निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। मैटेरियल लिफ्ट सड़क पर लगाई गई थी। आस पड़ोस के लोगों ने इसका विरोध भी जताया था लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। उसने आरोपित मकान मालिक पर सख्त कारवाई की मांग की है।
मंजू के पति ओमकार ने बताया कि अगर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो उनकी पत्नी आज जिंदा होती। इस हादसे के बाद उनलोगों का रो रोकर बुरा हाल है। उनके अनुसार लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ और जिम्मेदार लोगों पर कारवाई होनी चाहिए।
