गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के ढबारसी गांव में वर्षा में नाले का पानी इतना ओवरफ्लो हो गया कि वह सात वर्षीय बच्चे को दिखाई नहीं दिया। बच्चा नाले में डूब गया। 20 मिनट बाद उसे नाले से बाहर निकाला गया। बच्चे को स्वजन अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ढ़बारसी गांव निवासी शादाब के दो बच्चे हैं। शादाब मजदूरी करते हैं। उनके घर के पीछे से नाला गुजर रहा है। बुधवार को हुई वर्षा के चलते यह नाला ओवरफ्लाे गया। नाले का पानी आसपास के एरिया में भर गया। दोपहर के समय वर्षा बंद होने के बाद शादाब का सात वर्षीय बेटा शाद घर के बाहर खेलने के लिए गया था। वहां और भी बच्चे खेल रहे थे।
पानी ओवरफ्लो होने के कारण उसे नाला दिखाई नहीं दिया। जिस वजह से वह नाले में गिर गया। वहां मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने नाले में बच्चे की तलाश की। 20 मिनट बाद बच्चा नाले में मिल गया। बच्चे को रामा अस्पताल में ले जाया गया। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद देर शाम को बच्चे को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
नहीं हुई थी नाले की सफाई
ग्रामीणों ने बताया कि नाले की सफाई नहीं हुई है। नाले में कचरा भरा है। जबकि ग्रामीणों ने मानसून से पहले गांव के सभी नालों की सफाई की मांग की थी। कचरा व सिल्ट भरा होने से पानी का प्रवाह नहीं हो रहा है। गांव की सड़कों पर भी नाले का पानी भर जाता है। बुधवार को नाला ओवरफ्लो होने के बाद बच्चे की जान चली गई। हालांकि बुधवार शाम तक नाले का पानी कम हो गया।

