बंटवारे की बात बनी बर्बादी की वजह

Amit
2 Min Read

सगे भाई के बेटे ने ही चाकू से किया हमला, एक की मौके पर मौत, दूसरा घायल

पानीपत। छिछड़ाना गांव में रविवार को जमीन के बंटवारे को लेकर चला आ रहा पारिवारिक विवाद उस वक्त खूनी झड़प में बदल गया, जब पंचायत के दौरान कहासुनी हिंसा में तब्दील हो गई। देखते ही देखते एक युवक की चाकू लगने से मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में जिंदगी के लिए जूझ रहा है।

घटना दोपहर करीब 11:30 बजे की है, जब गांव की चौपाल पर सुभाष और रामचंद्र नानू नामक दो सगे भाइयों के बीच पारिवारिक जमीन के बंटवारे को लेकर पंचायत बैठी थी। इस दौरान बातचीत के दौरान तकरार इतनी बढ़ गई कि सुभाष और उसका बेटा जयपाल आपा खो बैठे।

पंचायत बनी संघर्ष का मैदान, चाकू से हमला कर दिया

पुलिस के अनुसार, झगड़े के दौरान सुभाष व जयपाल ने रामचंद्र के बेटों सुनील (35) और अनिल पर चाकू से हमला कर दिया। सुनील की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल हुआ और उसे इलाज के लिए शहर के पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

मतलौडा थाना प्रभारी पवन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment