दक्षिणी दिल्ली। सरिता विहार थाना क्षेत्र स्थित जसोला इलाके में शनिवार को बिल्डिंग तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आखिरी दीवार गिराते समय चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय विजय के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक जसोला के प्लाट नंबर 149, पाकेट-एक में दीवार गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और जरूरी कार्रवाई शुरू की। शुरुआती जांच से पता चला कि यह घटना एक पुरानी और जर्जर इमारत को तोड़ने के काम के दौरान हुई है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना में एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भेजा गया। जबकि एक मजदूर सुरक्षित बच गया। क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मामले में एफआइआर दर्ज कर तोड़-फोड़ का काम करने वाले जामिया नगर निवासी ठेकेदार शमशुद्दीन को पकड़ लिया गया है, जबकि मालिक खुर्शीद की तलाश की जा रही है। घटना के सही हालात का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
यह भी देखा जाएगा कि तोड़-फोड़ के काम के दौरान तय सुरक्षा उपायों और जरूरी कानूनी उपायों का पालन किया गया था या नहीं।

