गुरुग्राम- गुरुग्राम में सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। घटना सुशांतलोक थाना क्षेत्र के सेक्टर-43 स्थित सुपरमार्ट-2 के पास की है, जहां गलत दिशा से आ रही एक थार गाड़ी ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार हादसा बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। पलवल के रोहता पट्टी, वार्ड-12 निवासी मुकेश बघेल गुरुग्राम के सेक्टर-44 स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। घटना के समय वह बाइक से किसी काम के सिलसिले में व्यापार केंद्र रोड की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सेक्टर-43 में सुपरमार्ट-2 के पास पहुंचा, सामने से गलत दिशा में आ रही सफेद रंग की थार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल थार गाड़ी पर आगे-पीछे नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बाइक व थार को कब्जे में लेकर थाने ले गई। मृतक के भाई अशोक बघेल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस गाड़ी के मालिक और फरार चालक की पहचान करने में जुटी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
