ग्रेटर नोएडा में मेडिकल सेक्टर को नई ताकत, यीडा पार्क में स्थापित होगा गामा रेडिएशन सेंटर

News Desk
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) मेडिकल डिवाइस पार्क में गामा रेडिएशन सेंटर स्थापित करने जा रहा है। इसके लिए कंपनी के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है और 20 जुलाई तक निर्माणकर्ता कंपनी का चयन कर लिया जाएगा।

एक साल में पूरा होगा निर्माण कार्य

चयनित कंपनी को सेंटर का निर्माण एक साल में पूरा करना होगा। यीडा के अनुसार यह सेंटर मेडिकल और बायोटेक उत्पादों की उन्नत जांच और प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराएगा। परियोजना को तकनीकी और सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाने के लिए परमाणु ऊर्जा से जुड़ी संस्था बोर्ड आफ रेडिएशन एंड आइसोटोप टेक्नोलाजी के साथ भी साझेदारी की जाएगी।

विकिरण एवं समस्थानिक प्रौद्योगिकी बोर्ड (ब्रिट संस्थान) सेंटर को तकनीकी विशेषज्ञता देगा। यीडा ने 19 जून को रिक्वेस्ट फार प्रपोजल जारी किया था। इच्छुक कंपनियों के लिए 17 जुलाई तक निविदा जमा करने की अंतिम तिथि है। 20 जुलाई को बिड खोली जाएगी, जिसके बाद कंपनी का चयन कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

60.14 एकड़ में 101 भूखंड आवंटित

मेडिकल डिवाइस पार्क कुल 350 एकड़ में विकसित हो रहा है। अब तक 60.14 एकड़ में 101 भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। इन भूखंडों से क्षेत्र में 1291 करोड़ रुपये का निवेश आया है। वर्तमान में 11 आवंटियों ने निर्माण शुरू कर दिया है। 93.62 एकड़ भूमि अभी आवंटित होनी बाकी है, जिसमें 150 से अधिक भूखंड शामिल होंगे।

अधिकारियों का कहना है कि हाल ही में पूरी हुई योजना के तहत 22 भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया भी चल रही है। पार्क में एक कंपनी ने रक्त से जुड़े उपकरण बनाने का काम भी शुरू कर दिया है। गामा रेडिएशन सेंटर बनने से पार्क में निवेश और रोजगार दोनों बढ़ेंगे।

Share This Article
Leave a Comment