गाजियाबाद में किराना कारोबार में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी, 10 पर एफआईआर

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। गाजियाबाद में किराना कारोबार में निवेश कर मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर अनेक लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर कविनगर पुलिस ने 10 आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है।

शिकायतकर्ता ने करीब पांच हजार करोड़ रुपये का घोटाला होने का आरोप लगाया है। 24 पीड़ितों की शिकायत पर कोर्ट ने 3.70 करोड़ रुपये की ठगी के आरोप में केस करने का आदेश दिया।

ई-स्टोर इंडिया की निवेश योजना बताई

अधिवक्ता और निवेशक महेश वर्मा ने कोर्ट में शिकायत देकर आरोप लगाए कि पंकज सोनी सेठ और उसके साथियों ने उनसे संपर्क कर वैदिक आयुरक्योर, आयुरक्योर डायरेक्ट प्राइवेट, एक्सिस ई-कारपोरेशन और ई-स्टोर इंडिया की निवेश योजना बताई।

नौ हजार रुपये में एक आईडी पर प्रतिमाह 1,100 रुपये देने का दावा किया गया। यानी निवेश पर हर महीने करीब 12.22 प्रतिशत वापसी का लालच था। कंपनी ने शुरुआत में निवेशकों के खातों में रकम भी भेजी।

25 से 50 लाख तक निवेश कराए

बताया कि गाजियाबाद के मोहननगर, नेहरूनगर और राजनगर में बैठकें कर लोगों का भरोसा जीता गया। घरेलू सामान पर 33 प्रतिशत छूट का लालच दिया गया। शुरुआत में भुगतान कर भरोसा जीतने के बाद किराना स्टोर खुलवाने के नाम पर 25 से 50 लाख रुपये तक निवेश कराए गए। बाद में कार्यालय और ऑनलाइन व्यवस्था बंद कर दी गई।।

एफआईआर में गौतमबुद्धनगर निवासी फैजान खान, दिल्ली के मयूर विहार निवासी उरोज अली खान, दिल्ली निवासी शमशाद अहमद, नजमा खान, मेरठ के कैली गांव निवासी मुकेश कुमार त्यागी, सलाउद्दीन, दिल्ली के लक्ष्मीनगर निवासी मोहम्मद जफर, हर्ष राजन तिवारी, फैजान के रिश्तेदार मोहम्मद जफर और पंकज सोनी सेठ नामजद हैं।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के मुताबिक, अदालत के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment