कोटा में फिर टूटा एक सपना, परीक्षा से पहले छात्रा ने की खुदकुशी

Amit
1 Min Read

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, आत्महत्या के कारणों की जांच जारी

कोटा, राजस्थान। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक नाबालिग छात्रा ने शनिवार देर शाम आत्महत्या कर ली। छात्रा रविवार को होने वाली NEET परीक्षा में शामिल होने वाली थी। यह दुखद घटना कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के पार्श्वनाथपुरम कॉलोनी की है, जहां छात्रा ने अपने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। उस समय परिवार के सदस्य घर पर ही मौजूद थे।

थाना प्रभारी अरविंद भारद्वाज के अनुसार, छात्रा का परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले का निवासी है और कोटा में किराए पर रहकर बेटी को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करवा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे के कारण जानने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है, जिसके बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment