दिल्ली में SIR अभियान की शुरुआत, पहले दिन 1.68 लाख एन्यूमरेशन फॉर्म बांटे गए

News Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के पहले दिन सभी 13 जिलों में बूथ लेवल आफिसर्स (बीएलओ) ने मुस्तैदी दिखाते हुए शाम छह बजे तक रिकार्ड 1,68,291 एन्युमरेशन फार्म बांट दिए।

यही नहीं, तकनीकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए पहले दिन ही 7,605 भरे हुए फार्मों का डिजिटल डेटा भी तैयार कर लिया है।

जनता से भागीदारी की अपील

घर-घर जाकर फार्म बांटने और उन्हें वापस कलेक्ट करने का यह सिलसिला 29 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अशोक कुमार ने इस मुहिम को कामयाब बनाने के लिए जनता से सकारात्मक भागीदारी की अपील की है।

उन्होंने कहा कि सभी नागरिक अपने क्षेत्र के बीएलओ का सहयोग करें और फार्म में सही जानकारी भरकर समय पर जमा करें, ताकि देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बिना गलती के सरलता से पूरा किया जा सके।

दिल्ली की सात लोकसभा सीटों और 70 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13,033 पोलिंग स्टेशन हैं। इतने ही बीएलओ काम में लगे हुए हैं। इस अभियान के दौरान प्रत्येक मतदाता को फार्म की दो कापी दी जाएंगी। एक कापी की रिसीविंग मतदाता के पास रहेगी, जबकि दूसरी प्रति बीएलओ को वापस करनी होगी।

हर मतदाता को फॉर्म भरना जरूरी

इन फार्मों के साथ कोई भी दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं है। अंतिम मतदाता सूची (इलेक्टोरल रोल) में अपना नाम शामिल कराने के लिए हर मतदाता को यह फार्म भरना जरूरी है। अंतिम मतदाता सूची सात अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।

यह वीडियो भी देखें

जो मतदाता फार्म जमा नहीं करेंगे, उनके नाम पांच अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में दिखाई नहीं देंगे। उन्हें चार सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करानी होंगी।

दिल्ली में फिलहाल 1.45 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 77.11 लाख पुरुष और 67.98 लाख महिलाएं शामिल हैं। मतदाता सूची को 16 जून को फ्रीज कर दिया गया था, इस तारीख तक दिल्ली में कुल 1,45,10,298 पंजीकृत मतदाता थे।

Share This Article
Leave a Comment