नोएडा। राहगीरों को लिफ्ट देने के बहाने कीमती सामान लूटने और यूपीआइ से रकम ट्रांसफर करने वाले चार शातिरों को सेक्टर 49 थाना पुलिस ने मंगलवार रात को सेक्टर 50 से दबोचा। इनसे आइफोन, स्मार्ट वाच, आधार कार्ड, 2300 रुपये नकदी, घटना में प्रयुक्त औरा मॉडल कार बरामद हुईं।
आरोपितों ने 25 जून को सेक्टर 34 में बरौला के अभिषेक को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाकर कीमती सामान लूटा था और यूपीआई से भी रकम ट्रांसफर कराई थी। पीड़ित की शिकायत पर आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े।
चारों फिरोजाबाद के रहने वाले हैं
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान फिरोजाबाद के बढाईपुर गांव के अमित, नितिन, ऋषि और सियार मऊ रामलाल गांव के विवेक के रूप में हुई। वर्तमान में नितिन सेक्टर 141 में रहता है और कार चलाता है।
पूछताछ में बताया कि चारों फिरोजाबाद के रहने वाले हैं और आपस में दोस्त हैं। वह एनसीआर क्षेत्र में कार चलाने एवं मजदूरी का कार्य करते हैं।
अवैध धन अर्जित करने के उद्देश्य से मिलने पर राह चलते व्यक्तियों को कार में बैठाकर उनका मोबाइल फोन, नकदी एवं अन्य सामान छीन लेते थे। इसके बाद पीड़ित को डराकर उसके मोबाइल फोन का लाक खुलवाकर बैंक खाते से धनराशि अपने खातों में स्थानांतरित कर लेते थे।
