दक्षिणी दिल्ली। साकेत कोर्ट ने मंगलवार को श्रद्धा वाकर मर्डर केस में डीडीएनए विशेषज्ञ का बयान दर्ज किया। मामले में आफताब अमीन पूनावाला पर मुकदमा चल रहा है। बयान केस की जांच के दौरान की गई बायोलॉजिकल और डीएनए जांच के सिलसिले में दर्ज किया गया।
कोर्ट अभी प्रतिदिन अभियोजन पक्ष के सबूत दर्ज कर रही है। बुधवार को अभियोजन पक्ष के एक और गवाह का बयान दर्ज किया जाना है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरवरिंदर सिंह जग्गी ने अभियोजन पक्ष के गवाह वीआर गिरनार का मुख्य बयान (एग्जामिनेशन-इन-चीफ) दर्ज किया।
उनसे जिरह (क्रॉस-एग्जामिनेशन) बाद में की जाएगी। सुनवाई के दौरान स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर मधुकर पांडे और शिकायतकर्ता की वकील सीमा समृद्धि कुशवाहा मौजूद थीं।
बायोलॉजिकल और डीएनए जांच की जानकारी दी
आरोपित आफताब अमीन पूनावाला का प्रतिनिधित्व वकील अक्षय भंडारी कर रहे हैं। कोर्ट के सामने बयान देते हुए डा. गिरनार ने इस केस में की गई बायोलॉजिकल और डीएनए जांच के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सैंपल (एग्ज़िबिट्स) 23 दिसंबर, 2022 को मिले थे और रिपोर्ट तीन जनवरी, 2023 को तैयार की गई थी। सबूत पेश करने के दौरान, उन्होंने पुष्टि की कि सैंपल की जांच, दस्तावेज़ीकरण, सीलिंग और हैंडलिंग तय प्रक्रिया के अनुसार की गई थी। कोर्ट बुधवार को सब-इंस्पेक्टर संदीप का बयान दर्ज करेगी।

