उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दहलाने वाली वारदातें: सीलमपुर में दुकान पर बैठे युवक की गोली मारकर हत्या, सोनिया विहार में भी मर्डर से सनसनी

News Desk
3 Min Read

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के थाना सीलमपुर क्षेत्र के गौतमपुरी में बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को 32 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, रात करीब 9:04 बजे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से गोली लगने से घायल एक व्यक्ति के भर्ती होने की सूचना मिली, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतक की पहचान वसीम (32 वर्ष), पुत्र अकरम, निवासी ई-ब्लॉक झुग्गी, न्यू सीलमपुर के रूप में हुई है. वसीम नाले के पास गली नंबर-9 में इलेक्ट्रिक सामान और एलईडी बल्ब की मरम्मत की दुकान चलाते थे. जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार दो हमलावरों ने उन्हें गोली मारी और वारदात के बाद फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया. वसीम अपने परिवार का खर्च चलाने वाले मुख्य सहारा थे. उनके परिवार में छह बहनें और छोटे-छोटे बच्चे हैं. इस वारदात से इलाके में चिंता का माहौल है.

गौतमपुरी में 32 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या: डीसीपी राहुल अलवाल ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचीं. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस के मुताबिक, संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं. जांच टीमों को कुछ अहम सुराग मिले हैं और आगे की जांच जारी है. अब सवाल यह है कि दिनदहाड़े नहीं, बल्कि रात के समय हुई इस गोलीबारी के पीछे क्या वजह थी और हमलावर कौन हैं? पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

सोनिया विहार हत्या मामला: बता दें कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में 13 अक्टूबर मंगलवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने मनीष यादव (34) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी. इस हमले में उन्हें तीन गोलियां लगीं. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घायल मनीष को परिजन सिविल लाइंस स्थित सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

दिल्ली पुलिस के डीसीपी नॉर्थ ईस्ट राहुल आलवाल के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को रात करीब 9:13 बजे सोनिया विहार थाने में फायरिंग की सूचना मिली थी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि 4.5 पुश्ता की सर्विस रोड के पास मनीष यादव पर दो अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई थी. दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार थे और हेलमेट पहने हुए थे. वारदात को अंजाम देने के बाद वे फरार हो गए.

Share This Article
Leave a Comment