नोएडा में सनसनीखेज चोरी: सेक्टर-50 की सोसायटी में दो फ्लैटों के ताले तोड़कर 2 करोड़ की नकदी और जूलरी ले उड़े चोर

News Desk
3 Min Read

नोएडा: घूमने गए दो परिवारों के फ्लैटों को निशाना बनाकर चोर करीब 5 लाख की नकदी और एक करोड़ 95 लाख रुपये की जूलरी पर हाथ साफ कर गए। दोनों परिवार को आसपास के लोगों ने फोन कर चोरी के बारे में बताया। सूचना पर पहुंची सेक्टर-49 थाना पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

फ्लैट के टूटे थे ताले

सेक्टर-50 के द क्रिसेंट अपार्टमेंट निवासी इंजीनियर नितिन जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 अक्टूबर को पानीपत में एक इवेंट था, जिसमें वह परिवार के साथ गए हुए थे। अगले दिन उनके पड़ोसी ने फोन पर सूचना दी कि उनके फ्लैट के ताले टूटे हुए हैं। इसके बाद वह अपने फ्लैट पर पहुंचे और सामान चेक किया तो एक लाख की नकदी और एक सोने का हार, दो छोटे हार, 4 सोने की चूड़ियां, दो कंगन, 4 टॉप्स, 4 अंगूठी, एक चेन, एक मंगलसूत्र, 2 पेंडेंट, 10 सोने के बिस्किट और 50 ग्राम चांदी गायब थी। इनकी कीमत 95 लाख बताई जा रही है।

सभी परिवार के साथ गए थे घूमने

वहीं, धन लक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ घूमने गए थे। जब घर पहुंचे तो फ्लैट का ताला टूटा हुआ था। सामान चेक करने पर पता चला कि करीब 4 लाख की नकदी और करीब एक करोड़ की जूलरी गायब मिली।

सेक्टर-50 द क्रेसेंट अपार्टमेट के दो बंद फ्लैटों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ितो द्वारा करीब दो करोड़ रुपये की चोरी बताई जा रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि कितने की चोरी हुई है।

अभय कुमार मिश्र, ADCP नोएडा

दीवार फांदकर सोसायटी में घुसे चोर

सोसायटी में चोरी की घटना के बाद जांच करने पहुंची नोएडा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में देखा कि चोर मेन गेट से घुसने के बजाय दीवार कूदकर सोसायटी के अंदर घुस रहे हैं। घटना के बाद पुलिस चोरों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। वहीं, सोसायटी की सुरक्षा में तैनात गार्डों की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment