सोनिया विहार मर्डर केस: 4.5 पुश्ता के पास बाइक सवार बदमाशों ने युवक मनीष यादव को भूना, ताबड़तोड़ फायरिंग से फैली सनसनी

News Desk
2 Min Read

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में मंगलवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने मनीष यादव (34) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस हमले में उन्हें तीन गोलियां लगीं. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घायल मनीष को परिजन सिविल लाइंस स्थित सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

दिल्ली पुलिस के डीसीपी नॉर्थ ईस्ट राहुल आलवाल के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को रात करीब 9:13 बजे सोनिया विहार थाने में फायरिंग की सूचना मिली थी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि 4.5 पुश्ता की सर्विस रोड के पास मनीष यादव पर दो अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई थी. दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार थे और हेलमेट पहने हुए थे. वारदात को अंजाम देने के बाद वे फरार हो गए.

पीछे से आकर चलाई गोलियां

प्रत्यक्षदर्शी विवेक के मुताबिक, मनीष यादव वहां से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार दो लोग आए और पीछे से उन पर गोलियां चला दीं. मनीष की उम्र करीब 34 साल है और उनके दो बच्चे हैं. हमले में उन्हें तीन गोलियां लगीं. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. सोनिया विहार थाने में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है.​​​​​​​

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

डीसीपी राहुल आलवाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं. संदिग्धों के संबंध में अहम सुराग मिले हैं और पुलिस जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जता रही है. फिलहाल, गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

Share This Article
Leave a Comment