नोएडा सोसायटी में महिला का शव मिलने से हड़कंप, पति पर गंभीर आरोप

News Desk
2 Min Read

नोएडा। सेक्टर-39 थानाक्षेत्र स्थित लोटस बुलेवार्ड सोसायटी के फ्लैट में महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित पति पर आत्महत्या के लिए उकसाने, प्रताड़ना समेत विभिन्न धारा में केस दर्ज किया है। मृतका की बहन का आरोप है कि पति पर पहली शादी छिपाकर दूसरी शादी कर धोखा और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना की। उन्होंने हत्या या आत्महत्या के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया है।

फरीदाबाद के सेक्टर-89 निवासी रीटा खन्ना ने शिकायत दी कि बहन शैली दुग्गल सेक्टर-100 की लोटस बुलेवार्ड सोसायटी के टावर-23 के एक फ्लैट में रहती थीं। 20 जुलाई को शैली का शव पंखे से लटका हुआ था। सूचना मिलते ही स्वजन कुछ देर में सोसायटी पहुंचे और सुरक्षा गार्डों की मदद से पुलिस के सामने फ्लैट का ताला तोड़ा गया।

शव लटका देखकर पुलिस के उड़े होश

जैसे ही पुलिस अंदर गई तो वहां शव लटका देखकर उनके होश उड़ गए। शिकायकर्ता का आरोप है कि शैली के पति प्रशांत सिवाच ने पहली शादी रहते हुए उनसे दूसरी शादी की थी। यही नहीं, वह खुद को चंडीगढ़ की एक कंपनी में कार्यरत बताता था। शादी के कुछ दिनों बाद शैली को प्रशांत की दूसरी शादी के बारे में पता चला तो उन्होंने विरोध किया।

शैली मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न भी झेलती रही

इसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत भी हुई, तब प्रशांत ने भरोसा दिया कि पहली पत्नी से अलग होकर शैली के साथ ही जीवन यापन करेगा, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। वह पत्नी शैली पर तलाक का दबाव बनाने लगा। इस दबाव के कारण शैली मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न भी झेलती रही। आरोप ये भी है कि प्रशांत अपने ससुराल में संपत्ति पर नजर बनाए हुए था। स्वजन ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपित पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। जांच तथ्य और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment