नोएडा में अतीक की बेनामी संपत्तियों की जांच तेज, अथॉरिटी और रजिस्ट्री विभाग को भेजी सूची

News Desk
2 Min Read

नोएडा: माफिया अतीक अहमद की बेनामी प्रॉपर्टी को अब उसके ही कुछ गुर्गे बेच रहे हैं। गैंग्सटर एक्ट के तहत पुलिस संपत्तियों को चिह्नित कर रही है तो प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम अब अवैध और बेनामी प्रापर्टी को अटैच करने की तैयारी में जुट गयी है। अतीक की अवैध संपत्तियों को बेचने की भनक मिलने के बाद गौतमबुद्ध नगर में नोएडा अथॉरिटी, यमुना अथॉरिटी और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी को ऐसी संपत्तियों को सूची भेजी गयी है। ईडी ने निबंधन विभाग को भी ऐसी सूची भेजी ताकि उनकी खरीद-फरोख्त न हो सके।

ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का दर्ज किया था केस

अतीक अहमद के खिलाफ ईडी ने वर्ष 2020 में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था। इसके बाद आठ करोड़ रुपये की प्रापर्टी और अतीक व उसकी पत्नी शाइस्ता के बैंक खाते को अटैच किया था। साबरमती जेल में माफिया अतीक का बयान लेने और मनी ट्रेल स्थापित करने पर अहम जानकारी हाथ लगी। तब अप्रैल 2023 को ईडी की टीम ने माफिया की करीबी बिल्डर संजीव अग्रवाल, पूर्व विधायक आसिफ जाफरी, कारोबारी दीपक भार्गव, रिश्तेदार खालिद जफर, सहयोगी वकील शौलत हनीफ खान, बिल्डर अमित गोयल, अतुल द्विवेदी और चार्टर्ड एकाउंटेंट सीताराम शुक्ला, पूर्व प्रधान गुलफुल के बेटे वदूद समेत कई अन्य के ठिकानों पर छापेमारी की।

जानिए ईडी की लिस्ट में किसका नाम

छापेमारी के दौरान नोट गिनने की मशीन, 100 करोड़ से अधिक संपत्तियों के अभिलेख, 75 लाख रुपये नकद, विदेशी मुद्रा, सोने-चांदी के जेवर, 200 बैंक खातों और 50 शेल कंपनियों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए थे। ईडी अब गौतमबुद्ध नगर जिले में अतीक के करीबियों के संपत्ति की जांच करने के साथ उनकी प्रारंभिक सूची भेज दी है। इस सूची में अतीक के करीबी नोएडा के बिल्डर, फाइनेंसर, सहयोगियों का भी नाम है।

Share This Article
Leave a Comment