गूगल पर सर्च किया कस्टमर केयर नंबर, जालसाज ने वीडियो कॉल के जरिए युवक से उड़ाए ₹98,000

Amit
1 Min Read

गुरुग्राम। सेक्टर-82ए निवासी उमेश गुप्ता एक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए, जब उन्होंने जिओ हॉटस्टार का कस्टमर केयर नंबर गूगल पर सर्च किया। खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले जालसाज ने उन्हें विश्वास में लेकर वीडियो कॉल की और बातों-बातों में उनके बैंक खाते से ₹98,000 उड़ा लिए।

उमेश गुप्ता ने बताया कि 10 अगस्त को किसी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए उन्होंने गूगल पर जिओ हॉटस्टार के ग्राहक सेवा का नंबर खोजा। वेबसाइट पर उपलब्ध नंबर पर कॉल करने पर एक व्यक्ति ने खुद को जिओ हॉटस्टार का कर्मचारी बताया और उन्हें आगे की प्रक्रिया के लिए व्हाट्सएप वीडियो कॉल करने को कहा।

वीडियो कॉल पर बात करते हुए उमेश ने जैसे ही निर्देशों का पालन किया, उनके खाते से धीरे-धीरे कई किश्तों में कुल ₹98,000 की राशि निकल गई। जब मोबाइल पर लगातार ट्रांजैक्शन के मैसेज आए, तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

घटना के बाद उमेश गुप्ता ने मानेसर स्थित साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जालसाजों ने गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर ठगी की साजिश रची थी।

Share This Article
Leave a Comment