ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। एयरपोर्ट का अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल लगभग तैयार हो गया है और फिलहाल अंदर फिनिशिंग का काम चल रहा है। संभावना है कि अक्टूबर से नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बकास) की टीम सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर देगी।
अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल में फिनिशिंग काम जारी
नोएडा एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वर्तमान में टर्मिनल के अंदर फिनिशिंग का काम किया जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) के अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए सुरक्षा सबसे अहम पहलू है।
बकास की टीम अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल से जुड़े सुरक्षा क्षेत्रों की जांच करेगी। इसमें यात्री मूवमेंट, सामान की जांच, एयरलाइन आपरेशन, ग्राउंड हैंडलिंग और एयरपोर्ट सुरक्षा के बीच समन्वय शामिल है।
बकास की मंजूरी के बाद उड़ानें शुरू होंगी
बकास की टीम यह भी जांच करेगी कि नई सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों पर खरी उतरती है या नहीं। सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से पड़ताल के बाद अंतिम मंजूरी दी जाएगी।
बकास की अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही नोएडा एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को हरी झंडी दी जाएगी। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत के लिए सुरक्षा जांच और मंजूरी अहम चरण होगी।
पहले चरण में 1334 हेक्टेयर में एयरपोर्ट
नोएडा एयरपोर्ट को प्रथम चरण में 1334 हेक्टेयर में विकसित किया गया है। यहां 3900 मीटर लंबा रनवे, एक लाख वर्गमीटर में पैसेंजर टर्मिनल भवन, एटीसी टावर और कार्गो हब बनाया गया है।
15 जून से एयरपोर्ट से 15 शहरों के लिए घरेलू उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। यात्री लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। टर्मिनल का काम पूरा न होने के कारण अब तक अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू नहीं हो पा रही थीं।
इसी वर्ष के अंत तक उड़ानों की तैयारी
नायल के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानें इसी वर्ष के अंत तक शुरू करने की तैयारी है। अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है और फिलहाल फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि अगले माह से बकास की टीम निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर सकती है।
