ग्रेटर नोएडा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से एक 38 वर्षीय ट्रक चालक की जान बचा ली गई। पत्नी से विवाद के बाद मानसिक तनाव और अवसाद में आए व्यक्ति ने आत्महत्या करने का वीडियो इंस्टाग्राम पर प्रसारित कर दिया था।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के बाद मेटा से मिले अलर्ट के आधार पर दादरी पुलिस ने उसकी रियल-टाइम लोकेशन ट्रेस कर उसे आत्मघाती कदम उठाने से पहले सुरक्षित बचा लिया।
सूचना कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल को भेजी
पुलिस के अनुसार 30 जून को सुबह 10:57 बजे मेटा कंपनी की ओर से मुख्यालय पुलिस महानिदेशक स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के जरिए अलर्ट प्राप्त हुआ। व्यक्ति ने आत्महत्या संबंधी वीडियो इंस्टाग्राम पर प्रसारित किया था। मीडिया सेल सेंटर ने तत्काल सूचना कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल को भेजी।
मीडिया सेल ने दादरी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस एक्टिव हो गई। उस समय ट्रक चालक लगातार वाहन चलाते हुए आगे बढ़ रहा था। पुलिस टीम ने उसकी रियल-टाइम लोकेशन के आधार पर करीब 20 मिनट तक पीछा किया। आखिरकार ट्रक को सुरक्षित रुकवा लिया गया।
ट्रक में बंधा मिला फंदा
तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक के अंदर लगी लोहे की राड पर रस्सी का फंदा बंधा मिला। इससे साफ था कि चालक आत्महत्या की पूरी तैयारी कर चुका था। पुलिस ने चालक को सुरक्षित नीचे उतारकर पानी पिलाया और शांत माहौल में उसकी काउंसलिंग की। इसके बाद परिजनों को मौके पर बुलाया गया।
पत्नी से विवाद बना वजह
पूछताछ में चालक ने बताया कि पत्नी से चल रहे विवाद के कारण वह गहरे मानसिक तनाव में था। उसने किसी सुनसान स्थान पर ट्रक रोककर फांसी लगाने का इरादा बना लिया था। चालक ने स्वीकार किया कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो वह अपनी जान दे देता।
पुलिस की काउंसलिंग के बाद व्यक्ति ने भविष्य में ऐसा कदम नहीं उठाने का आश्वासन दिया। स्वजन ने पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।
