नोएडा का बदलने वाला है नक्शा, गगनचुंबी इमारतों के बीच बनेगी मनमोहक नीली झील

News Desk
2 Min Read

नोएडा: ऊंची गगनचुंबी इमारतों और कंक्रीट के जंगलों के लिए मशहूर नोएडा की पहचान अब बदलने वाली है। शहर के बीचों-बीच अब एक विशाल नीली झील नजर आएगी, जो न केवल पर्यावरण को संवारेगी बल्कि पर्यटन का नया केंद्र भी बनेगी। सेक्टर-167 में बनने वाले इस भव्य लेक पार्क का शिलान्यास शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर दिया है। 29 एकड़ में फैलने वाले इस पार्क का मुख्य आकर्षण 10 एकड़ में फैली एक विशाल झील होगी।

21 करोड़ की लागत में बनेगा प्रोजेक्ट

नोएडा प्राधिकरण करीब 21 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से इस प्रोजेक्ट को साकार करने जा रहा है। पार्क का डिजाइन तैयार हो चुका है और जल्द ही इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। इस पार्क की सबसे बड़ी खूबी यहां बनने वाले दो एलिवेटेड ट्रैक होंगे। इन ट्रैक्स के जरिए पर्यटक झील के बिल्कुल बीचों-बीच पहुंचकर सैर का आनंद ले सकेंगे।

पार्क में बनाई जाएगी ऑक्सीजन वैली

यह जलाशय वाला शहर का पहला और सबसे बढ़ा पार्क होगा। पार्क को एक लाइफ ब्रीद जंगल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां हरियाली को नया विस्तार देने के लिए भारी संख्या में पारंपरिक पेड़ लगाए जाएंगे, जिनमें 2294 बरगद, 2900 पीपल, 3800 नीम, 3240 पिलखन और 1590 इमली के पेड़ शामिल हैं। इसके अलावा यहां एक ऑक्सीजन वैली भी बनाई जाएगी, जो शहर की आबोहवा को शुद्ध रखेगी।

आधुनिक सुविधाओं का संगम

एसीईओ वंदना त्रिपाठी के अनुसार, पर्यटकों की सहूलियत के लिए मुख्य प्रवेश द्वार पर 1000 वाहनो की क्षमता वाली ओपन पार्किंग बनाई जाएगी। इसके अलावा पार्क में कच्चा टहलने वाला ट्रैक, साइकिल ट्रैक, ओपन जिम, सेंट्रल प्लाजा, फाउंटेन और बच्चों के लिए प्ले एरिया होगा। खान-पान के शौकीनों के लिए एक समर्पित फूड स्ट्रीट भी विकसित की जाएगी। यह लेक पार्क भविष्य में नोएडा वासियों के लिए पिकनिक और सुकून का सबसे पसंदीदा ठिकाना बनने वाला है।

Share This Article
Leave a Comment