ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 में RWA चुनाव की सरगर्मी तेज, अध्यक्ष पद के लिए 6 दावेदार मैदान में

News Desk
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 सेक्टर में कई वर्षों के बाद आरडब्ल्यूए चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव की घोषणा होते ही विभिन्न ब्लॉकों से चुनावी मैदान में उतरने के इच्छुक लोग सक्रिय हो गए हैं। कई संभावित उम्मीदवारों ने बैनर और पोस्टर लगाकर अपनी दावेदारी भी पेश कर दी है।

अध्यक्ष पद के लिए अब तक छह दावेदार सामने आ चुके हैं। माना जा रहा है कि नामांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ उम्मीदवारों की संख्या बढ़कर करीब 10 तक पहुंच सकती है। अन्य सेक्टरों में होने वाले आरडब्ल्यूए चुनावों की तुलना में अल्फा-2 सेक्टर में दावेदारों की संख्या काफी अधिक दिखाई दे रही है। चुनावी मैदान में उतरने वाले अधिकांश लोग अपनी-अपनी टीम या पैनल तैयार करने में जुटे हैं।

अल्फा-2 सेक्टर में चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज

दिलचस्प बात यह है कि उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहे कुछ चेहरे ऐसे भी हैं, जिनकी पहचान सेक्टर के लोगों के बीच व्यापक रूप से नहीं है। यहां तक कि उनके आस-पास रहने वाले कई निवासी भी उन्हें अच्छी तरह नहीं जानते हैं। चुनाव लड़ने के लिए चुनावी मैदान में उतरे दावेदार सेक्टर के विकास और सुविधाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए लगातार नए नाम सामने आने से अल्फा-2 सेक्टर में चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अन्य सेक्टरों की अपेक्षा अल्फा-2 सेक्टर में ठेली-पटरी वालों की संख्या अधिक है, जिससे कथित तौर पर वसूली का भी बड़ा दायरा बनता है। ऐसे में कुछ निवासियों को आशंका है कि कुछ लोगों की चुनाव लड़ने की रुचि इस वसूली से जुड़े संभावित लाभ में हिस्सेदारी हासिल करने की भी हो सकती है।

सेक्टर में प्रभावी और मजबूत आरडब्ल्यूए बनाने के लिए निवासी ऐसे उम्मीदवार को समर्थन देने के पक्ष में हैं, जो लंबे समय से क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहा हो। लोगों का मानना है कि केवल चुनावी दावों के बजाय उम्मीदवार के पुराने कार्य और उपलब्धियों को आधार बनाया जाना चाहिए। ऐसे में अल्फा-2 सेक्टर का आगामी आरडब्ल्यूए चुनाव काफी दिलचस्प और प्रतिस्पर्धी होने की संभावना है।

Share This Article
Leave a Comment