नोएडा: चलती स्लीपर बस में गैंगरेप के बाद एक्शन, ट्रैवल एजेंसी के 3 दफ्तर सील, 9 बसें सीज

News Desk
2 Min Read

नोएडा: मैनपुरी की 17 वर्षीय किशोरी से चलती स्लीपर बस में गैंगरेप के मामले ने जब तूल पकड़ा तो मंगलवार को नोएडा पुलिस और परिवहन विभाग की टीमें सड़कों पर उतरीं और विश्वनाथ टूर एंड ट्रैवल्स के नोएडा-ग्रेटर नोएडा स्थित तीन दफ्तरों को बंद करा दिया। इसी एजेंसी की बस में किशोरी के साथ वारदात हुई थी। वहीं इस एजेंसी की एक बस समेत 9 बसों को नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में सीज कर दिया गया।

एनएचआरसी ने जारी किया नोटिस

वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने दिल्ली और गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी किया है। आयोग ने पुलिस अधिकारियों से दो सप्ताह के भीतर मामले में कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने मीडिया में प्रकाशित खबर का खुद संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की है। दूसरी तरफ, गिरफ्तार ड्राइवर कुलदीप के परिजनों ने इसे साजिश बताते हुए उसे निर्दोष बताया है।

परी चौक से बस में सवार होने पर पुलिस को संशय

नोएडा पुलिस के अधिकारियों ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस से मामले की जानकारी ली। उधर कहा जा रहा है कि परी चौक से लड़की के बस में सवार होने पर स्थानीय पुलिस को संशय है। बताया जा रहा है कि वह किसी अन्य स्थान से बस में सवार हुई होगी। अभी पुलिस बोलने से बच रही है।

नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर जांच बढ़ाई गई

नोएडा के डीसीपी साद मियां खान और एआरटीओ उदित नारायण पांडेय के नेतृत्व में चले अभियान के तहत छलेरा स्थित मुख्य दफ्तर समेत ट्रैवल एजेंसी के तीनों ऑफिस बंद कराए गए। बस मालिक अनिल जादौन के ठिकानो की जांच जारी है। पुलिस और ट्रैफिक विभाग अब नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर सभी प्राइवेट स्लीपर बसों, ट्रैवल एजेंसियों और कैब की गहन जांच कर रहे है। अनियमितता मिलने पर 9 बसों को सीज कर मोरना बस अड्डे पर खड़ा कराया गया है।

Share This Article
Leave a Comment