नोएडा: सेक्टर-27 के पास सोमवार रात एक बेकाबू कार चालक ने आगे जा रही गाड़ी को टक्कर मार दी। जब पीड़ित ने इसका विरोध करते हुए आरोपी की कार रोकने की कोशिश की, तो उसने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान पीड़ित युवक कार के बोनट पर गिर गया। आरोपी चालक युवक को बोनट पर लटकाकर करीब एक किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाता रहा।
आसपास मौजूद बाइक सवारों ने जब यह खौफनाक दृश्य देखा, तो उन्होंने अपनी बाइक कार के आगे लगाकर आरोपी चालक को जबरन रोका और युवक को बोनट से नीचे उतारा। इस हादसे में पीड़ित की जान जा सकती थी, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस का रवैया और भी चौंकाने वाला रहा। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने उच्च अधिकारियों को सूचना देने या सख्त कार्रवाई करने के बजाय मामले को रफा-दफा करते हुए दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया।
पुलिस के रवैये पर उठे सवाल
गाजियाबाद निवासी पीड़ित महेश ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे वह अपनी कार से सेक्टर-27 से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रही कार ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी ले गई, जहां बिना कोई कानूनी कार्रवाई किए मामला दबा दिया गया। पुलिस द्वारा समझौता कराने पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे है।
थाना प्रभारी बोले- मामले की जांच की जाएगी
सेक्टर 20 के थाना प्रभारी अरविंद कुमार का कहना है कि कार की टक्कर के बाद युवक को बोनट पर घसीटने के इस मामले की मुझे कोई जानकारी नहीं है। अगर चौकी प्रभारी मौके पर गए थे, तो उन्होने भी इस संबंध में थाने को सूचित नहीं किया है। मामले की जांच की जाएगी।
