गाजियाबाद मंडल में सड़क सुरक्षा अभियान, 179 वाहनों पर कार्रवाई

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। गाजियाबाद में सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सोमवार को गाजियाबाद मंडल में विशेष प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डा. सियाराम वर्मा के नेतृत्व में गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर और हापुड़ में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान बिना वैध परमिट, फिटनेस, कर बकाया, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र के अभाव, क्षमता से अधिक सवारी, ओवरलोडिंग, अनधिकृत यात्री परिवहन और अन्य परिवहन संबंधी अनियमितताओं में कुल 179 वाहनों के विरुद्ध चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई।

वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें

प्रवर्तन टीमों ने वाहन चालकों और आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति भी जागरूक किया। उन्हें सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन के सभी अभिलेख अद्यतन रखने की सलाह दी।

डॉ. सियाराम वर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर अनेक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और बहुमूल्य जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सघन प्रवर्तन अभियान लगातार चलाए जाएंगे। साथ ही वाहन स्वामियों और चालकों से मोटरयान अधिनियम एवं यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग की अपील की।

Share This Article
Leave a Comment