रायबरेली में रिटायर्ड आंगनवाड़ी सुपरवाइजर की गला रेतकर हत्या, संपत्ति हथियाने को घटना काे दिया गया अंजाम

Rohit Kumar
3 Min Read

रायबरेली। शहर क्षेत्र में शनिवार रात रिटायर्ड महिला आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव घर में पड़ा था। घर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। सूचना पाकर एसपी आलोक प्रियदर्शी, अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। आसपास के लोगों से पूछताछ की। संपत्ति हथियाने के लिए किसी करीब पर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है।
शहर के एम-87 इंदिरा नगर में स्नेह कुुमारी शुक्ला उर्फ बेबी (65) पत्नी वीरेंद्र शंकर घर पर अकेली रहतीं थीं। उनका इकलौता बेटा अभिषेक शुक्ला रिटायर्ड जवान है। वह इस समय पालम हवाई अड्डे पर नौकरी करता है और वहीं पर परिवार समेत रहता है। स्नेह कुमारी रिटायर्ड आंगनबाड़ी सुपरवाइजर थीं।

घर से कुछ दूरी पर ही महिला के भाई व रिटायर्ड शिक्षक सोम प्रकाश अवस्थी भी रहते हैं। वह हर शाम बहन से मिलने घर जाया करते थे। शनिवार शाम छह बजे सोम प्रकाश बहन से मिलने गए तो दरवाजा बंद था। काफी आवाज देने पर भी स्नेह कुमारी बाहर नहीं निकलीं।

इस पर सोमप्रकाश घर पहुंचे और अपने बेटे को जानकारी दी। उनका बेटा कमलाकर घर पहुंचा तो देखा कि बुआ मृत अवस्था में पड़ीं थीं। सिर से खून निकल रहा था। गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। घर का सामान इधर-उधर बिखरा था।

यह देख वह जोर से चिल्लाया तो मोहल्ले के लोगों को जानकारी हुई। थोड़ी ही देर में खबर पाकर पुलिस अफसर भी पहुंच गए। महिला की हत्या की कोई वजह अब तक सामने नहीं आई है। स्नेह कुमारी के भतीजे कमलाकर ने तहरीर देकर बुआ की हत्या का आरोप लगाया है।

फिल्मी अंदाज में वारदात, हर कोई हैरान

इंदिरा नगर मोहल्ले में रिटायर्ड आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की हत्या फिल्मी अंदाज में की गई। हत्या करके आरोपी भाग गए, लेकिन पड़ोसियों को इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। पुलिस की मानें तो दिन में ही महिला की हत्या कर दी गई, क्योंकि वह अकेली रहती थीं। मौके पर पहुंचे एसपी ने जब पड़ोसियों से घटना की जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे तक महिला को देखा था। इसके बाद वह नहीं दिखीं।
रिटायर्ड आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की गला रेतकर हत्या की गई है। अब तक की जांच में घटना की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। हालांकि संपत्ति हथियाने के चक्कर में करीबियों पर ही महिला की हत्या किए जाने की आशंका है। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगाई गईं हैं। जल्द खुलासा करके आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
आलोक प्रियदर्शी, एसपी

Share This Article
Leave a Comment